
गाजीपुर। सदर विधायक जैकिशन शाहू ने बुधवार को जल जीवन मिशन कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत खानकाह कलां में निर्मित पेयजल योजना के कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नलकूप, पम्प हाउस, राइजिंग मेन, शिरोपरि जलाशय, पाइप लाइन, हाउस कनेक्शन, सोलर सिस्टम एवं बाउण्ड्रीवाल-गेट के सभी कार्य पूर्ण पाये गये। योजना के तहत 390 नग हाउस कनेक्शन में सोलर सिस्टम के माध्यम से आटोमेटेड मेथड के द्वारा नियमित पेयजल आपूर्ति ग्रामवासियों को उपलब्ध करायी जा रही है। ग्राम प्रधान हवलदार सिंह यादव ने बताया कि खानकाह कलां पेयजल योजना में नियमित जलापूर्ति की जाती है। जिससे ग्रामवासियों में खुशी की लहर है। विधायक ने ग्रामवासियों को शुद्ध पेयजल के लाभ के बारे में जानकारी दी। उन्होने ग्रामीणों को प्रेरित किया कि दैनिक जीवन में शुद्ध पेयजल का ही उपयोग करें, जिससे आप सभी के हेल्थ इंडेक्स में सुधार होगा। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत की एफटीके महिलाओं द्वारा पेयजल गुणवत्ता की जांच की गयी। जिसमें पेयजल की गुणवत्ता पीने योग्य पायी गयी। निरीक्षण के दौरान जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियन्ता, मो० कासिम हाशमी, सहायक अभियन्ता शशिपाल सिंह, कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर सन्तोष पाण्डेय एवं डीसी-डीपीएमयू राजाराम उपस्थित रहें।




