
सादात (गाजीपुर)। परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के वार्षिक परीक्षा का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया गया। सादात के कम्पोजिट विद्यालय जगदीशपुर में समारोह आयोजित कर बच्चों व उनके अभिभावकों को रिपोर्ट कार्ड प्रदान किया गया। जिसे पाकर बच्चे खुश नजर आए। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। मेधावी बच्चों को रिपोर्ट कार्ड के साथ ट्रॉफी और मेडल देकर पुरस्कृत किया गया। वहीं कक्षा 8 के बच्चों के लिए विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका पूजा मिश्रा ने बताया कि बच्चों का मनोबल और उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से इस तरह के कार्यक्रम करवाये जाते हैं, चूंकि बच्चे विद्यालय से लगातार कई सालों से जुड़े रहे। जिससे बच्चों का शिक्षकों के प्रति और शिक्षकों का बच्चों के प्रति एक अच्छा सामंजस्य बन जाता है। कक्षा 8 के सभी छात्र और छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अन्त में विद्यालय की शिक्षिका पूजा मिश्रा ने विदाई गीत सुनाकर सबको भावुक कर दिया। इस मौके पर प्रधानाध्यापक मनोज कुमार सिंह, सतिराम, सोनू खरवार, बुद्धू राम, जैनब रहमान, अनीता यादव, गीता देवी आदि रहे।




