
जमानियां गाजीपुर। कोतवाली क्षेत्र के रामपुर फुफुआंव गांव में शनिवार की शाम नव विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। जानकारी के अनुसार रामपुर फुफुआंव गांव निवासी राजा उर्फ रणविजय कुशवाहा की शादी 11 मार्च को गहमर थाना क्षेत्र के करहिया गांव की रिभा कुशवाहा के धूम धाम से हुई थी। शादी के बाद सब ठीक चल रहा था। बताते है कि शनिवार की दोपहर रणविजय खेत पर जा रहा था, उसकी पत्नी रिभा ने उससे कहा कि वह सोने जा रही है। शाम को लौटियेगा तो जगा दीजिएगा। इस दौरान घर पर कोई नहीं था। शाम को जब रणविजय घर पहुंचा और दरवाजा खुलवाने लगा। कुछ देर बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो वह रोशनदान से अन्दर झांक कर देखा तो उसकी पत्नी रिभा पंखे में दुपट्टा के लटकी हुई थी। यह देख वह चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर पास पड़ोस के लोग भी वहां पहुंच गये। इसके बाद रणविजय ने इसकी जानकारी रिभा के मामा को दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग लड़की के ससुराल पहुंच गये। लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। क्षेत्राथिकारी रामकृष्ण तिवारी व कोतवाली प्रभारी प्रमोद सिंह मौके पर पहुंच कर मामले की जानकारी ली। फोरेंसिक टीम पहुंच गयी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है कि विवाहिता ने ऐसा कदम क्यों उठाया। वहीं इस घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह तरह की बातें हो रही है।




