कठवामोड़ (गाजीपुर)। मुहम्मदाबाद कोतवाली के गौसपुर गंगा घाट पर बुधवार को नहाते समय गहरे पानी में जाने से एक किशोर डूब गया। जबकि चार को मछुआरों ने बचा लिया। सूचना मिलने पुलिस मौके पर पहुंच कर किशोर की तलाश करवा रही है। जानकारी के अनुसार नोनहरा थाना के बेलपथार गांव निवासी उपेंद्र विश्वकर्मा के भाई राजू की लड़की का मंगलवार को मूल को कार्यक्रम था। जिसमें मानस पाठ किया गया था। आज समापन के बाद परिवार की महिलाएं व रिश्तेदार ट्रैक्टर ट्राली पर सवार होकर गौसपुर गंगा घाट पर पूजन करने गये थे। पूजन के बाद स्नान करने लगे। इसी बीच पानी गहरा होने के कारण उपेंद्र का पुत्र गोलू विश्वकर्मा (15), बहन निशा (12) और राजू विश्वकर्मा (30) तथा एक महिला डूबने लगी। बच्चो को डूबता देख पिता उपेंद्र और राजू उसे बचाने के लिए गंगा में छलांग लगा दिया। वह भी डूबने लगा। यह देख वहां घाट पर मौजूद मछुआरे बचाने के लिए नाव से पहुंच गये। काफी प्रयास के बाद मछुआरों ने राजू, निशा , महिला और उपेंद्र को बचा लिया। जबकि गोलू डूब गया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कोतवाली प्रभारी रामसजन नागर, मौके पर पहुंचकर मछुआरो की सहायता गोलू की तलाश करवा रही है। इस घटना की जानकारी होने पर गांव के लोग भी वहां पहुंच गये।उपेंद्र विश्वकर्मा भोपाल में कारपेंटरी का काम करता है। वहीं उसका पुत्र गोलू पढ़ाई करता था।वह हाई स्कूल की परीक्षा देने के बाद कर्यक्रम में भाग लेने के लिए पिता के साथ घर आया था।



