संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत
शादियाबाद (गाजीपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के पथरा खुटहन गांव में शनिवार की दोपहर संदिग्ध अवस्था में एक नवविवाहिता शव का फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतका की मां ने दहेज हत्या की तहरीर दी। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
जानकारी के अनुसार खानपुर थाना क्षेत्र के दरबेपुर निवासी गोल्डी राजभर की शादी एक वर्ष पूर्व 2 दिसंबर को शादियाबाद क्षेत्र के पथरा खुटहन गांव निवासी रंजीत राजभर के साथ हुई थी। रंजीत मुम्बई में रहकर काम करता है। आज दोपहर में गोल्डी का शव कमरा की छत की कुंडी से रस्सी के सहारे लटकता मिला। परिजनों ने आनन-फानन में शव को नीचे उतार दिया। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। सूचना मिलते ही मृतका की मां माधुरी, भाई एवं छोटी बहन अन्य लोगों के साथ पहुंच गई। बेटी के शव पर नजर पड़ते ही सभी बिलखने लगे। मां ने पति, ससुर, देवर और जेठानी के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मौर्या ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।