
गाजीपुर। शनिवार को पुलिस लाइन में उमंग और उत्साह के बीच पुलिसकर्मियों की होली मनी। इस दौरान रंगों की बौछार हुई। पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने एक-दूसरे पर जमकर रंगों की बौछार किया। पर्व की मस्ती में चूर पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने पुलिस कप्तान डॉ. ईरज राजा से साथ भोजपुरी होली गीतों पर जमकर ठुमके लगाए।मालूम हो कि हर वर्ष होली पर्व के दूसरे दिन पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों की होली मनायी है। होली पर्व के शांतिपूर्म संपन्न होने के बाद शनिवार को पुलिस लाइन में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इसमें सभी पुलिस अधिकारी और कर्मी उत्साह के बीच शामिल हुए।पर्व के उत्साह के बीच पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने एक-दूसरे पर जमकर रंगों की बौछार की। सभी होली के उमंग में पूरी तरह से चूर नजर आए। रंगों से सराबोर कपड़ों और चेहरे से यह पहचान पाना संभव नहीं था कि कौन पुलिस अधिकारी है और कौन कर्मी।पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा भी पूरी तरह से होली के रंग में रंगे नजर आए।

उन्होंने होली गीतों पर जमकर डांस किया। अब भला पुलिस कप्तान के इस उत्साह को देख, अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मी अपने आप को कैसे रोक पाते, उन्होंने भी अपने पुलिस कप्तान के साथ जमकर ठुमके लगाए।एसपी द्वारा सभी को रंग, अबीर, गुलाल लगाकर और मिष्ठान्न वितरित कर होली पर्व की शुभकामनाएं दी गई। तत्पश्चात पुलिस कप्तान द्वारा होली पर्व को सकुशल सम्पन्न कराए जाने पर सभी को बधाई दी गई. इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण, सीएफओ गाजीपुर, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, समस्त प्रभारी निरीक्षक, उप निरीक्षक व समस्त पुलिस बल मौजूद रहे।
