
गाजीपुर । यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में बैंक में कार्यरत महिला स्टाफ के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के योगदान को सम्मानित करना और उनके उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करना था। विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी आर्यका अखौरी तथा मुख्य अतिथि केंद्रीय विद्यालय की प्रधानाचार्य विनीता सिंह रहीं। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने महिला सशक्तिकरण पर महिलाओं की भागीदारी पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया, साथ ही उन्होंने बैंकिंग क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उनके सतत विकास के लिए हरसंभव सहयोग देने की बात कही।महिला दिवस समारोह के दौरान बैंक में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पांच महिला अधिकारियों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने इन अधिकारियों को सम्मान पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। यह सम्मान उनके समर्पण, परिश्रम और बैंकिंग सेवा में दिए गए योगदान के लिए प्रदान किया गया। इस अवसर पर बैंक के क्षेत्र प्रमुख संजय कुमार सिन्हा ने सभी महिला अधिकारियों को बधाई दी और बैंक में उनकी महत्त्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में बैंक द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी दी। इस मौके पर बैंक के क्षेत्र प्रमुख संजय कुमार सिन्हा, उप क्षेत्र प्रमुख आशीष कुमार एवं राजदेव कुमार सहित बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और महिला कर्मचारी भी सम्मिलित रहे।
