Saturday, July 4, 2026

Top 5 This Week

spot_img

दो दिन हड़ताल पर रहेंगे बैंक कर्मचारी

गाजीपुर। पंजाब नैशनल बैंक स्टाफ एसोसिएशन की प्रान्तीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रान्तीय महामंत्री मदन मोहन राय ने कहा कि बैंक कर्मचारियों के संयुक्त मंच ने अपनी मांगों को लेकर बड़ा आंदोलन रखा है। बैंककर्मी 24 व 25 मार्च को दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर जाने को तैयार है।रविवार को शहर के लंका के स्थानीय होटल के सभागार में स्टाफ एसोसिएशन के 14वें प्रान्तीय अधिवेशन के बाद की पहली प्रान्तीय कार्यकारिणी प्रान्तीय अध्यक्ष ललित श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई। जिसमें प्रान्तीय पदाधिकारियों सहित प्रदेश की सभी जिला इकाइयों से प्रान्तीय कार्यकारिणी सदस्य शामिल हुए। प्रान्तीय महामंत्री मदन मोहन राय ने कहा कि बैंको में नई भर्ती बहुत जरूरी हो गयी है। खाली पड़े पद भरे नहीं जा रहे हैं। बैंक कर्मचारी काम के बोझ तले दबा है। बैंको में आउटसोर्सिंग यूनियन्स के विरोध के बाबजूद जारी है। उन्होंने कहा कि 5 दिवसीय बैंकिंग पर भारतीय बैंक संघ व बैंक यूनियंस के बीच सहमति बन जाने के बाबजूद सरकार इसे क्लियरेंस नही दे रही है।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंसियल सर्विस का अनावश्यक हस्तक्षेप कार्मिक नीतियों को विपरीत प्रभावित कर रहा है। बैंक मैनेजमेंट की ओर से द्विपक्षीय समझौतों व सहमतियों का उल्लंघन किया जा रहा है। बारहवें द्विपक्षीय समझौते के मांगपत्र के लंबित मुद्दों पर बातचीत आगे नही बढ़ रही है।उन्होंने कहा कि कार्मिकों को मिलने वाले परिलाभों पर एकमुश्त कर कटौती ने उन्हें आर्थिक संकट में डाल दिया है। यह कर कटौती कार्मिक के वेतन से न की जाय। उन्होंने बैंक शाखाओं पर ग्राहकों के बढ़ते हमलों पर चिंता व्यक्त की और सरकार से मांग की कि इसके लिये उचित कानून बनाकर इसे हतोत्साहित किया जाय।प्रान्तीय कार्यकारिणी बैठक में करीब बीस वक्ताओं ने संगठन पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में प्रान्तीय अध्यक्ष ललित श्रीवास्तव लखनऊ , वरिष्ठ उपाध्यक्ष यूपीएन सिंह (गोरखपुर), उपाध्यक्ष राजीव जैन ( सहारनपुर)  व जितेंद्र शर्मा (अलीगढ़), उपमहामंत्री संजय शर्मा (वाराणसी) उपस्थित रहे। सत्येन्द्र गुप्ता ‘सत्या’ ने स्वागत भाषण किया। इस मौके पर कमलेश सिंह , ह्रदय शंकर राय, शुभम सिंह,आलोक प्रकाश, कृष्णदेव सिंह,अशोक सिंह,बबिता यादव,संगीता आदि रहे।

Popular Articles