एक सौ चालीस करोड़ जनता, एक सौ चालीस सीट के लिए तरसा देगीः अखिलेश

 एक सौ चालीस करोड़ जनता, एक सौ चालीस सीट के लिए तरसा देगीः अखिलेश

गाजीपुर। बीते 25 मई को आरटीआई मैदान में पीएम मोदी की चुनावी रैली के बाद उन्हीं की बैरिकेडिंग में 27 मई (सोमवार) को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनावी जनसभा की। इस जनसभा में पीएम मोदी की रैली पर अखिलेश के युवाओं का उत्साह भारी नजर आया। जनसभा में बिना मोदी-योगी का नाम लिए अखिलेश यादव बीजेपी सरकार पर जमकर बरसे। अखिलेश यादव ने अपने पूरे भाषण में किसान, महंगाई, बेरोजगारी और अग्नीवीर भर्ती का जिक्र करते हुए उमड़े जनसैलाब से सपा प्रत्याशी अफजाल अंसारी के पक्ष में मतदान कर इस तानाशाह सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील की।
भाजपा सरकार पर जुबानी वार करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार किसानों के पैदावार के साथ जमीन भी हड़पना चाहती है। इस सरकार ने किसानों की तरक्की और खुशहाली के लिए कोई रास्ता नहीं बनाया। इसका परिणाम यह रहा कि पिछले 10 साल में हमारा किसान संकट में चला गया। यहां के किसानों ने वह समय भी देखा है जिस समय यह सरकार काले कानून लाकर के हमारे किसानों की पैदावार के साथ-साथ जमीन को भी हड़पना चाहती थी,
लेकिन हमारा किसान पूर्वांचल का किसान, बल्कि देश का किसान जागरूक था। उसने सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़ने
का काम किया। दिल्ली जाकर वह तब तक डटा रहा, जब तक सरकार ने काले कानून वापस नहीं ले लिए। भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने को कहा था, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया। किसान वैसे का वैसा ही रहा। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि 4 जून को सरकार बनेगी तो अपने किसानों का न केवल कर्ज
माफ होगा, बल्कि अपने किसान और गरीबों को कानूनी अधिकार दिला कर उनकी फसल की कीमत को भी दिलाने का काम करेंगे। सपा मुखिया ने कहा कि गाजीपुर के जवान देश की सेवा करने को तैयार है। यहां पर वह गांव भी है, जिसे पूरा देश फौजियों के गांव के रूप में जानते है। गहमर जैसा गांव पूरे देश में नहीं होगा। जहां पर इतनी बड़ी संख्या में नौजवान न केवल फौज में रहकर देश की सुरक्षा में तैनात है, वहीं ऊंचे पदों पर रहकर देश की सेवा करते हैं।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि 4 जून के बाद जब दिल्ली में सरकार बनेगी तो अग्निवीर जैसी नौकरी हमेशा-हमेशा के
लिए खत्म हो जाएगी।

अग्निवीर व्यवस्था खत्म करने के साथ फौज की नौकरियों की संख्या बढ़ाने का काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बीजेपी 400 पार का नारा देती है। वो यह भूल रहे कि वो 400 पार नहीं, बल्कि 400 के बाद बची
हुई 143 सीट लड़ रहे हैं, लेकिन जनता उन्हें 140 सीट के लिए तरसा देगी। कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सपा और कांग्रेस के गठबंधन के घबरा गई है। वो हमें शहजादा कहते हैं। इन्हीं शहजादों ने आपको जिताया था ।अब यही शहजादे बीजेपी को मात देंगे। उन्होंने कहा कि यह चुनाव जनता ने अपने हाथ में ले लिया है। यह पहला चुनाव देखने को मिल रहा है, जहां जनता अपने लीडर के साथ-साथ आगे बढ़ती चली जा रही है। सपा मुखियां ने कहा कि भाजपा और बसपा ने अंदर से हाथ मिलाकर काम कर रही है। यदि आपको बाबा साहब अंडेबकर का संविधान बचाना है तो इंडिया गठबंधन का साथ दें। उन्होंने कहा कि लोकसभा सदन से विपक्ष के 150 सांसदों को अपनी आवाज बुलंद करने पर भाजपा ने बाहर निकाला था। सपा प्रमुख ने 80 हटाओ, देश बचाओं का नारा देते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन में गरीब माता और बहनों को लखपित बनाने का काम किया जाएगा। पूर्व सीएम अखिलेश यादव बीजेपी द्वारा चलाई जा रही फ्री राशन योजना के संबंध में बोलते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनी तो आटा के साथ ही डाटा भी फ्री देने का काम किया जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि लखनऊ और दिल्ली वालों की भाषा बदल चुकी है। अब मंत्री और मंत्रिमंडल के साथ ही मीडिया मंडल का भी बदलाव होगा।
सपा मुखिया के संबोधन से पूर्व सपा प्रत्यासी अफजाल अंसारी, बलिया प्रत्याशी समातन पांडेय, पूर्व जमानियां विधायक ओमप्रकाश सिंह, विधायक वीरेंद्र यादव, विधायक जैकिशन साहू, विधायक मन्नू अंसारी, अंकित भारती, पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, पूर्व एमएलसी काशीनाथ यादव, पूर्व राज्यसभा सांसद अरविंद सिंह, राजेश कुशवाहा, जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, कांग्रेस नेता डा. मारकंडेय सिंह, पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, कांग्रेस अध्यक्ष जिलाध्यक्ष सुनील राम, कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र यादव, छात्रसभा जिलाध्यक्ष अभिषेक कुशवाहा, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष रामधारी यादव आदि ने संबोधित किया। सभा में हजारों लोग मौजूद रहे। भारी भीड़ देख सपा मुखिया अखिलेश यादव गदगद नजर आये।

You cannot copy content of this page