दशहरा:चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगी फोर्सःएसपी
—डीएम ने एसपी सहित अन्य अधिकारियों संग किया लंका मैदान का निरीक्षण
—रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों से डीएम ने ली जानकारी, दिया आवश्यक दिशा-निर्देश
गाजीपुर। असत्य पर सत्य के विजय का पर्व पूरे जिले में बुधवार को उल्लासपूर्वक मनाया जाएगा। इस मौके पर लंका मैदान में आयोजित मेला में जनसैलाब उमड़ेगा। मेला में किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैले, इसके मद्देनजर मेला से एक दिन पूर्व मंगलवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक अन्य अधिकारियों के साथ लंका मैदान का निरीक्षण निरीक्षण। इस दौरान रामलीला कमेटी के मंत्री सहित अन्य से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे ने अन्य अधिकारियों के साथ लंका मैदान में पहुंचे। उन्होंने पूरे मैदान की निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने उस स्थान की गहनता से पड़ताल किया, जहां पर विशालकाय रावण के पुतला का दहन होना है। डीएम ने निर्देश दिया कि दहन स्थल पर रावण के पुतला से काफी दूरी तक बैरिकेडिंग की जाए, जिससे लोग पुतला के करीब न जा सके। कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर पुतला दहन से कुछ समय पूर्व वहां मौजूद लोगों को दूर हटा दिया जाए। इसके साथ ही डीएम-एसपी ने रामलीला कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी बच्चा सहित अन्य पदाधिकारियों से इस लीला के संबंध में बातचीत करते हुए इस बात की जानकारी लिया कि कमेटी की तरफ से मेला को सकुशल संपन्न कराने के लिए क्या-क्या इंतजाम किये गए है। जानकारी लेने के बाद अधिकारी द्वय ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दशहरा पर्व पर पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। मेला और प्रतिमा विसर्जन जुलूस पर पुलिस पर पैनी नजर रहेगी। प्रतिमा विसर्जन के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मी चलेंगे। लंका मैदान और विसर्जन स्थल पर भी पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। कोई भी यदि अराजकता फैलाने की कोशिश करता है तो पुलिस उससे सख्ती से निबटेगी। निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी, सदर एसडीएम प्रतिभा मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी, पुलिस कर्मी और रामलीला कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।