
गाजीपुर। शारदा ज्योति समाज संस्था का वार्षिकोत्सव राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में हुआ। कार्यक्रम में संस्था का सर्वोच्च सम्मान चिकित्सा के क्षेत्र में विख्यात चिकित्सक डा. आर पी शर्मा को दिया गया। संस्था का दूसरा बड़ा सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में द पीआईएस के प्राचार्य जाह्नवी पाटिल को दिया गया। मुख्य अतिथि पी जी कॉलेज की प्रोफेसर शिखा तिवारी ने कहा कि, छात्रों को निर्भय होकर अपने प्रयास में लगना चाहिए। सत्य पर डटे रहकर अपने सर्वांगीण विकास के लिए सदैव उद्यत रहना चाहिए। छात्रों को न्याय का संरक्षण और अन्याय का सर्वनाश करना अपने जीवन का ध्येय बनाना चाहिए। डॉ माधव कृष्ण ने कहा कि रुकना जीवन नहीं है, रुकने वाले जीवित नहीं हैं और रोकने वाले मित्र नहीं हैं। इसलिए चरैवेति चरैवेति के मंत्र को अपनाकर प्रत्येक छात्र को निरंतर प्रगति के लिए प्रयास करना चाहिए। यदि बंधनों से और बाधाओं को स्वीकार करना ही शिक्षा है तो बाबा साहेब और नेता जी जैसे महापुरुषों ने कभी दलित मुक्ति और राष्ट्र मुक्ति के लिए संघर्ष नहीं किया होता।संस्था के सचिव दिनेश्वर दयाल ने वर्ष भर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का लेखा जोखा रखते हुए सभी का स्वागत किया। डॉ आर पी शर्मा ने कहा कि छात्रों को अकादमिक शिक्षा के साथ साथ व्यावहारिक शिक्षा की जरूरत है जिससे वे मनुष्य बनें, परोपकार दया सहयोग की भावना विकसित करें।राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य रागिनी श्रीवास्तव, संस्था के अध्यक्ष डॉ सुधीर कुमार के साथ सभी अतिथियों ने विद्यालय के लगभग सभी प्रमुख विद्यालयों के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। वर्ष 2026 का गुरु ज्योति सम्मान सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा कुमारी आराध्या तिवारी को गुरु ज्योति सम्मान से पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। संचालन डालिम्स सनबीम स्कूल की छात्रा कुमारी एवं प्रतिभागी धैया चतुर्वेदीजी ने किया l




