Wednesday, April 29, 2026

Top 5 This Week

spot_img

थानाध्यक्ष बनी शिवानी, पीड़ित लड़की को दिलाया न्याय

दुल्लहपुर (गाजीपुर)।योगी सरकार के नारी मिशन शक्ति को गति देने के उद्देश्य से दुल्लहपुर थाना में अनूठी पहल की गई। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने संत बुला सत्यनाम दास बीरबल स्नातकोत्तर महाविद्यालय अमारी की बीएड प्रथम वर्ष की छात्रा शिवानी मौर्य  को एक दिन का थानाध्यक्ष बनाया। थानाध्यक्ष की कुर्सी संभालते ही शिवानी ने थाना समाधान दिवस में आई एक पीड़ित लड़की की फरियाद सुनी। पीड़िता ने रो-रो कर अपने पटीदार पर मारपीट और छेड़खानी का आरोप लगाया। मामले की सत्यता पाकर एक दिन की थानाध्यक्ष शिवानी मौर्य ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक पर शांति भंग की धाराओं में चालान किया।शिवानी ने इस दौरान अन्य फरियादियों की समस्याएं भी सुनीं। कार्यक्रम में मौजूद राजस्व विभाग के अधिकारी, लेखपाल और भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक चौहान सहित कई लोगों ने इस पहल का स्वागत किया।

थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को सशक्त और जागरूक करने के लिए एसपी डॉ. ईरज राजा के नेतृत्व में यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है। मौके पर राजस्व विभाग की टीम, धीरेंद्र सिंह, सौरभ सिंह, आशुतोष पांडे, संत बुला पीजी कॉलेज के प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Popular Articles