Friday, May 1, 2026

Top 5 This Week

spot_img

पुलिस अभिरक्षा से फरार ईनामियां बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

बिरनों (गाजीपुर)। जिला अस्पताल में भर्ती पुलिस अभिरक्षा से फरार पचास हजार का ईनामियां बदमाश पुलिस मुठभेड़ में अपने भाई के साथ गिरफ्तार हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से दो तमन्चा, दो खोखा कारतूस तथा चोरी की बाइक बरामद किया है। जंगीपुर थानाध्यक्ष विवेक तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली कि जिला अस्पताल में भर्ती पुलिस अभिरक्षा से फरार बदमाश मऊ के रानीपुर थाना के चैनपुर निवासी शिवम चौहान उर्फ परमहंस तथा उसका भाई सत्यम चौहान उर्फ चुनमुन बलिया रेलवे स्टेशन के पास खड़े है। इस सूचना पर थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी व उपनिरीक्षक जमालुद्दीन पुलिस बल के साथ बलिया रेलवे स्टेशन के पास पहुंच गये। पुलिस को देखते ही बदमाश बाइक से अपने एक सहयोगी के साथ फेफना की तरफ भागने लगा।  पुलिस बदमाशों का पीछा करने लगी। बाइक सवार बदमाश भागते भागते जंगीपुर थाना के रामपुर जीवन पुल के पास पहुंचे। अपने को चारों तरफ से घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। यह संयोग रहा कि बदमाशों की गोली से कोई पुलिस कर्मी घायल नहीं हुआ। पुलिस कर्मियों ने साहस का परिचय देते हुए दोनों बदमाशों को धर दबोचा। दोनों की तलाशी लेने पर दो तमंचा व दो कारतूस का खोखा तथा बाइक बरामद किया। इस मामले में एसपी सिटी ज्ञानेंद्र प्रसाद ने बताया कि इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगायी गयी थी। इसका लोकेशन बराबर मिल रहा था। पकड़ा गया शिवम चौहान पर कई जिले में बारह मुकदमें दर्ज है।जबकि उसके भाई सत्यम चौहान पर चार मुकदमें दर्ज है। मालूम हो कि बदमाश शिवम चौहान लूट कांड के बाद पुलिस पर गोली चला कर भागते समय नौ जुलाई की रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया था। पुलिस इसकी तलाश कर रही थी।

Popular Articles