विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाए कार्यकर्ता
गाजीपुर। शादियाबाद भाजपा मंडल मनिहारी प्रथम की मंडल कार्यसमिति की बैठक शांति देवी प्रयाग आईटीआई बरईपारा में मंडल अध्यक्ष हंसराज राजभर की अध्यक्षता में हुई। इस मौके पर मुख्य अतिथि रमेश सिंह पप्पू ने सभी सम्मानित पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव में जुटने के लिए कहा।
भाजपा जिलाध्यक्ष भानूप्रताप सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता 2022 के चुनाव की तैयारी में जुटते हुए लोगों को सरकार नीतियों को बताने का कार्य करें। वरिष्ठ भाजपा नेता मंडल प्रभारी जितेंद्र नाथ पांडेय कहा कि अपना बूथ सबसे मजबूत वाली जिम्मेदारी को साथ लेकर सभी कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनावों में जुटना है। ओंकार सिंह ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने गरीब व आम जनता के लिए अनेक ऐसी योजनायें चलाई हैं, जिनका लाभ जनता उठा रही है। यही समय है कि अब कार्यकर्ताओं को अपने-अपने घरों से निकलना होगा और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का काम करना होगा। अध्यक्षता करते हुए हंसराज राजभर ने कहा कि यह चुनावी वर्ष है। हम सभी कार्यकर्ताओं को अपनी पूरी ऊर्जा के साथ बूथ को जिताना है। क्योंकि बूथ जीता तो चुनाव जीता, इस लक्ष्य को लेकर प्रत्येक कार्यकर्ता को कार्य करना है। बैठक का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि एवं वंदे मातरम् गायन से प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर पूर्व कार्यसमिति सदस्य खरभू चौहान, संगम मोदनवाल, अखिलेश सिंह, झारखंडे यादव, मनिकराज चौबे, चंद्रकांत सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।