
गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर में सम सेमेस्टर की कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय की परीक्षाएं 21 अप्रैल से शुरू हो गई हैं। पीजी कॉलेज को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने बताया कि परीक्षाओं को पारदर्शी और सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। सम सेमेस्टर परीक्षा के पहले दिन प्रथम पाली में द्वितीय सेमेस्टर उर्दू की परीक्षा हुई। जिसमें समस्त परीक्षार्थी उपस्थित रहे। दूसरी पाली में चतुर्थ सेमेस्टर में संस्कृत की परीक्षा हुई, जिसमें की एक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहा। कुल 22 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। तीसरे पाली में छठवें सेमेस्टर की हुई परीक्षा में वाणिज्य और रसायन शास्त्र की परीक्षा हुई। जिसमें कुल पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या 533 थी। एक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहा । पीजी कालेज के प्राचार्य/ केन्द्राध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्यवेक्षकों की नियुक्ति और उचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुविधा के लिए विश्वविद्यालय की ओर समय-सारिणी पहले ही जारी कर दी गई थी, और सभी केंद्रों पर पेयजल, बिजली और बैठने की उचित व्यवस्था की गई है। प्राचार्य प्रोफेसर पाण्डेय ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन का लक्ष्य निर्धारित समय पर परिणाम घोषित करना है।




