
जमानियां गाजीपुर। स्टेशन क्षेत्र के लमुई गांव के पास गुरुवार की सुबह पीछा कर रहे चंदौली पुलिस कर्मियों से बचने के चक्कर में गौ-वंश लदा स्कॉर्पियो बिजली के खंभे में टक्कर मार दिया। टक्कर के बाद पशु तस्कर फरार हो गये। सूचना पर पहुंची जमानियां पुलिस ने स्कार्पियो में लदा चार गौ-वंश बरामद किया। जिसे कान्हा गौशाला भेजवाया गया। बताया जा रहा है कि गुरुवार की सुबह साढ़े पांच बजे चंदौली के महुजी गांव की तरफ से तेज गति से एक स्कार्पियो स्थानीय क्षेत्र के चक्काबांध पंप कैनाल की तरफ आ रहा था। पशु तस्करों का पीछा कर रही चन्दौली की पुलिस से बचने के चक्कर में लमुई गांव के सामने एक बिजली के लोहे के खंभे में अनियंत्रित होकर जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतना जोरदार था कि बिजली का लोहे का खंभा नीचे से टेढ़ा हो गया। इस टक्कर में स्कॉर्पियो का पहिया फंस गया। यह देख स्कॉर्पियो सवार पशु तस्कर मौके से भाग निकले। घटना स्थल गाजीपुर की सीमा क्षेत्र में था इसलिए पशु तस्करों का पीछा कर रही चन्दौली की पुलिस वापस लौट गई। जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर देखा तो स्कार्पियो वाहन के अंदर क्रूरता पूर्वक चार गोवंशो को बांध कर रखा गया था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे चौकी के पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से चारों गोवंशो को वाहन से बाहर निकलवाया और कान्हा गौशाला भेजवाया। इस संबंध में चौकी प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




