
गाजीपुर। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में ईद-उल-फितर का त्योहार सोमवार को उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह विभिन्न ईदगाहों सहित मस्जिदों में अकीदत के साथ दो पालियो में ईद की नमाज अदा की गई। इसके बाद एक-दूसरे के घर जाकर मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात कर चलता रहा। लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर सेंवई का लुफ्त उठाया। इस दौरान सेंवई की मिठाई से पूरी तरह से गंगा-जमुनी तहजीब घुली नजर आई। शहर के विशेश्वरगंज स्थित ईदगाह में नमाज के दौरान रंग-बिरंगे परिधानों ने पहुंचे नन्हें-मुन्ने एक अलग झंटा बिखेर रहे थे। नमाज के दौरान सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे।

अल्लाह से अमन-चैन की दुआ मांगी गई। नमाज समाप्त होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाह के बाहर खड़े जनप्रतिनिधियों और आला-अधिकारियों ने मुस्लिम बंधुओं से गले लगकर पर्व की खुशियां बांटी। ईद के मौक पर सदर विधायक जैकिशन साहू,कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष डा.मारकंडेय सिंह,रामधारी यादव, बड़े पंडित, पूर्व चेयरमैन विनोद अग्रवाल ,विवेक सिंह शम्मी, एसपी सिटी ज्ञानेंद्र प्रसाद, कोतवाली प्रभारी दीन दयाल पांडेय ने गले मिलकर बधाई दिया।




