रोशनी की व्यवस्था की, श्रद्धालुओं को चाय पिलाया
—पूजा समाप्त होने पर स्वाभिमान संगठन के सदस्यों ने की साफ-सफाई
करंडा (गाजीपुर)। छठ पर्व पर करंडा क्षेत्र के दीनापुर तुलसीपुर घाट पर छठ पूजा समिति और स्वाभिमान संगठन के लोगो की तरफ से इस वर्ष भी प्रकाश और चाय की व्यवस्था की गई। पूजा संपन्न होने के बाद संगठन के सदस्यों से घाट पर फैल गंदगी की साफ-सफाई की।
दीनापुर तुलसीपुर गंगा घाट पर छठ पूजा करने वाली श्रद्धालु महिलाओं को दिक्कत न हो, इसके लिए छठ पूजा समिति और स्वाभिमान संगठन की तरफ से इस वर्ष भी जेनरेटर के माध्यम से प्रकाश की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही तीन दर्जन से अधिक समाजसेवियों द्वारा श्रद्धालुओं में चाय का वितरण किया गया।
लगभग पांच-छह हजार लोगो में पूजन बाबा आश्रम के शुद्ध बर्तनों में चाय बनाकर श्रद्धालुओं को पिलाया गया। पूजा संपन्न होने के बाद घाट पर फैले दिया, अगरबत्ती, फूल-माला सहित अन्य फैली गंदगी की साफ-सफाई करते हुए मां गंगा को स्वच्छ करने का कार्य किया गया। स्वाभिमान संगठन के अध्यक्ष डा. देवेश सिंह ने बताया कि लगभग 18 वर्ष पूर्व छठ पर्व पर अपने साथियों के साथ यह कार्य शुरु किया था। संगठन की तरफ से आगे भी इस तरह का समाजसेवा का कार्य जारी रहेगा।