
गाजीपुर। एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत कृषि विज्ञान केन्द्र में दो दिवसीय गोष्ठी का उद्घाटन 21 मार्च को मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने दीप प्रज्जवलन कर किया। गोष्ठी में वैज्ञानिक डा० वीके सिंह ने औद्यानिक फसलों, फलों, सब्जियों को उगाने तथा रख-रखाव के बारे में बताया। वैज्ञानिक विधि से शाकभाजी की खेती, ड्रेगन फ्रूट, जैविक सब्जी खेती उत्पादन तथा निर्यात करने के मापदंड सब्जी उत्पादन पर व्याख्यान दिया गया। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डा० ओमकार सिंह ने बागवानी फसलों की जैविक खेती एवं अधिक से अधिक फलोत्पादन तथा संरक्षित खेती (पॉली हाउस/ग्रीन हाउस) के विषय में किसानों को जानकारी दिये ।

कृषि विज्ञान केन्द्र आंकुशपुर के वैज्ञानिक डा० शशांकशेखर सिंह ने कृषकों के मध्य वैज्ञानिक विधि से मशरूम उत्पादन तथा मधुमक्खी पालन एवं उससे होने वाली आय के बारे में व्याख्यान दिया। वैज्ञानिक डा० रागिनी दूबे ने औद्यानिक फसलों में लगने वाले रोग एवं कीट पतंगों की रोकथाम के बारे में, पुराने हो चुके बागों के जीर्णाद्धार करके पुनः फलोत्पादन प्राप्त करने की तकनीकी के विषय में कृषकों को अवगत कराया। प्रगतिशील किसान डा० रामकुमार राय ने मृदा नमूना एवं मृदा परीक्षण के विषय में जानकारी दिया। जिला उद्यान अधिकारी आशीष कुमार ने उद्यान विभाग के तहत संचालित सभी योजनाओं के बारे में किसानों को बताया। अन्त में सपना सिंह ने लगे स्टालों को उत्कृष्ट स्टॉल के पुरस्कार से पुरस्कृत किया।




