
भांवरकोल (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के बीरपुर गांव के डीघा मौजे में शुक्रवार को अज्ञात कारणों से आग लगने से एक दर्जन रिहायशी झोपड़ियां जल कर हो गई। इस आग में झोपड़ी में रखा गृहस्थी का हजारों रुपये का सामान जल गया। बताया जाता है कि डीघा मौजा में दोपहर में अचानक श्यामनरायण यादव की झोपड़ी आग लग गयी। हवा तेज होने के कारण आग की लपटें आसपास की एक दर्जन झोपड़ियों को अपनी आगोश में ले लिया। आग की लपटें देख वहां अफरा तफरी मच गयी। आग लगने के बाद लोग आग बुझाने का प्रयास करने लगे। लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। जानकारी होते ही फायर ब्रिगेड पहुंची।

ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस आग में श्यामनरायण यादव की चार झोपड़ी, राजेश्वरी की तीन, वीरेंद्र यादव की तीन, नागेश्वर की दो तथा सीताराम की एक झोपड़ी जल गई। आग की सूचना मिलते ही एसडीएम मुहम्मदाबाद डा. हर्षिता तिवारी एवं सीओ शेखर सेंगर मौके पर पहुंचे। उन्होंने प़्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को एक-एक कंम्बल तथा 30-30 किलो राशन का वितरण कराया। उन्होंने मौजूद स्थानीय लेखपाल को अगलगी में हुए नुकसान का ब्यौरा तैयार कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।




