
गाजीपुर। सावन माह और कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज रजा व नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल और के अधिशासी अधिकारी धीरेंद्र राय विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ ददरी घाट, कलेक्टर घाट व चीतनाथ घाट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान घाटों की साफ-सफाई, गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया गया। डीएम और एसपी ने कांवड़ियों के आने-जाने वाले मार्गों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क की स्थिति, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार कार्य तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।




