भाजपा नेता की झोपड़ियों में लगी आग
देवकली (गाजीपुर)। सैदपुर थाना क्षेत्र के महमूदपुर हथिनि गांव में बुधवार की भोर में भाजपा नेता की दो रिहायशी झोपड़ियों में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जब तक लोगों ने आग पर काबू पाया, हजारों का सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार सैदपुर क्षेत्र के महमूदपुर हथिनि गांव निवासी भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष पुनवासी राम की एक के बाद एक दो रिहायशी झोपड़ियों में भोर में करीब चार बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की जनकारी होते ही परिजन शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में आग बुझाने में जुट गए। जब तक लोगों ने आग पर काबू पाया, तब तक अंदर रखा सभी सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित ने बताया कि आग की इस घटना में कपड़ा, चारा मशीन, अनाज, भूसा, साइकिल सहित करीब 50 हजार का घरेलू सामान जल कर राख हो गया। इसकी सूचना प्रशासनिक अधिकारियों को दे दी गई है।