दोस्तों संग नहाने गया युवक नदी में डूबा, मौत
खानपुर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के खरौना गांव में गुरुवार की सुबह गंगा गोमती संगम तट पर नहाते समय डूबने से एक युवक की मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद किया गया। लिखा-पढ़ी के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया है कि हथौड़ी गांव निवासी वकील का पुत्र आरिफ (20) सुबह करीब दस बजे दोस्तों के साथ खरौना गांव स्थित गंगा गोमती संगम तट पर नहाने के लिए गया था। पानी नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगे। यह देख मौजूद दोस्त शोर मचाने लगे। आसपास मौजूद लोग जब तक बचाने का प्रयास करते, वह डूब गया। इसकी जानकारी होते ही परिवार के साथ ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में चौकी इंचार्ज सिधौना सुनील तिवारी मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरु करा दिया। करीब डेढ़ घंटा बाद शव बरामद हुआ। शव पर नजर पड़ते ही परिवार के लोग चीख-पुकार करने लगे। इस घटना से जहां मृतक के घर कोहराम मच गया। वहीं गांववासी शोक में डूब गए। इस संबंध में चौकी इंचार्ज सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।