
मरदह (गाजीपुर)। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के हैदरगंज गांव के पास 33 हजार हाईटेंशन विद्युत तार टूटने व जल जाने से 150 गांवो की बिजली ठप रही। 15 घण्टे से ऊपर तक विद्युत आपूर्ति, प्रभावित हो उठी। विद्युत आपूर्ति ठप होने से मरदह,नोनरा,कोदई, डोड़सर,पड़िता,करदह कैथवली, हैदरगंज,हमीरपुर, बिजौरा,मटेहूं,टिसौरी,गांई,रायपुर बाघपुर,चंवर, घरिहां,बहतुरा,बसवारी, सहित सैकड़ों गांवों की बत्ती गुल रही। मरदह विद्युत सबस्टेशन पर विद्युत सप्लाई का तैतीस हजार वोल्टेज का विद्युत तार शार्ट सर्किट से जल कर टूटने से शुक्रवार मध्यरात्रि एक बजे से विद्युत आपूर्ति बंद हो गयी।विद्युत तार जोड़ने में लापरवाही के कारण शनिवार की शाम 4 बजे तार जोड़ा गया इसके चलते मरदह व पृथ्वीपुर के विद्युत सब स्टेशन के 150 गांवों की पांच लाख की आबादी प्रभावित हो उठी,देर तक आपूर्ति बंद रहने से घरों में अंधेरा पसरा था। वही घर के सारे बिजली उपकरण शो पीस बन गए। घरों में लोग दुबके हुए देखे गए। हजारों लोग अपने मोबाइल फोन को चार्ज करने के लिए शनिवार की सुबह से ही भाग-दौड़ में जुटे देखें गये। विभाग के जेई महबूब अली ने बताया कि मऊजिले के बढ़ुआ गोदाम से आने वाली बिजली सप्लाई के क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पास स्थित 33 हजार हाईटेंशन केबल बाक्स में शुक्रवार की देर रात में शार्ट सर्किट की वजह से आग लग थी,जिसको काफी देर बाद सर्वे करने पर ज्ञात चला तो शनिवार सुबह से मरम्मत कार्य शुरू कराया गया है।बिजली आपूर्ति बंद होने से मरदह विद्युत सब स्टेशन के पांच फीडरों सहित पृथ्वीपुर सब स्टेशन के तीन फीडरों के 150 के लगभग गांवो में विद्युत बंद हुई है। जिससे क्षेत्र के लगभग 5 लाख आबादी को भारी परेशानियां उठानी पड़ी। इस संबंध में एसडीओ चंद्रमोहन ने बताया कि मरम्मत कार्य चल रहा है जल्द से जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।




