Thursday, April 30, 2026

Top 5 This Week

spot_img

बीट पुलिसिंग किसी भी पुलिस व्यवस्था की रीढ़ हैः एसपी

गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक डा.ईरज राजा ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में सभी थानों के आरक्षियों को बीट पुलिसिंग के संबंध में बताया । उन्होने आरक्षियों को बताया कि बीट पुलिसिंग किसी भी पुलिस व्यवस्था की रीढ़ है। यह न केवल अपराध नियंत्रण में सहायक है, बल्कि आम जनता के साथ पुलिस के संबंधों को मजबूत करने का भी सबसे प्रभावी माध्यम है। एसपी ने कहा कि आरक्षी ही जनता के साथ पुलिस का पहला संपर्क होते हैं । उन्हें अपने निर्धारित बीट क्षेत्र में रहने वाले लोगों से सौहार्दपूर्ण संबंध स्थापित करने चाहिए ।पुलिस अधीक्षक ने बीट पुलिसिंग के माध्यम से अपराध और अपराधियों के संबंध में विश्वसनीय और समय पर सूचना संकलित करने के तरीकों के बारे में बताया। उन्होने आरक्षियों को निर्देशित किया कि वे अपने बीट क्षेत्र की छोटी-छोटी समस्याओं का तुरंत संज्ञान लें और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही हल करने का प्रयास करें, ताकि वे बड़ी कानून-व्यवस्था की समस्या न बनें । डा.ईरज राजा ने कहा कि बीट पुलिसिंग केवल गश्त तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उत्तरदायित्व की भावना और जन-सेवा के समर्पण का प्रतीक है । उन्होंने सभी आरक्षियों को निर्देशित किया कि वे इस प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए अपने-अपने बीट क्षेत्रों में इसे प्रभावी ढंग से लागू करें । इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद,क्षेत्राधिकारी लाइन एवं अन्य अधि0/कर्मचारीगण मौजूद रहे ।

Popular Articles