
गाजीपुर। एडीजी वाराणसी पीयूष मोर्डिया ने शनिवार को पुलिस लाइन में नव निर्मित पुस्तकालय का फीता काटकर उद्घाटन किया । उन्होने इसे पुलिसकर्मियों के लिए ज्ञानार्जन और व्यक्तित्व विकास का एक महत्वपूर्ण केंद्र बताया। यह लाइब्रेरी विशेष रूप से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिजनों को अध्ययन की उत्कृष्ट सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित की गई है।

एडीजी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह लाइब्रेरी न केवल ज्ञान का प्रसार करेगी, बल्कि ड्यूटी के दौरान होने वाले तनाव को कम करने और पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में भी सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने खाली समय का सदुपयोग करने के लिए लाइब्रेरी आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह लाइब्रेरी पुलिसकर्मियों को उनके व्यावसायिक कौशल को बढ़ाने और उन्हें राष्ट्र एवं समाज की सेवा के लिए अधिक कुशल और जागरूक नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।इस दौरान जिलाधिकारी अविनाश कुमार, पुलिस अधीक्षक डा.ईरज राजा अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण तथा अन्य पुलिस अधिकारीगण और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे ।




