
गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने डीआईओएस से मिलकर समस्याओं का समाधान न होने पर नाराजगी जताई। प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि बीते धरने के बाद मांगों पर सहमति बनी थी। बावजूद इसके समस्याएं जस की तस हैं। पदाधिकारियों ने डीआईओएस को मांगपत्र सौंपा। वार्ता के बाद जिन बिंदुओं पर आश्वासन मिला। उसे शीघ्र लागू किया जाएगा। प्रत्येक पटल पर पत्रावलियों की प्राप्ति स्वीकृति सुनिश्चित की जाएगी। दूसरे जिलों से ट्रांसफर शिक्षक-शिक्षिकाओं और प्रधानाचार्यों के प्रथम वेतन भुगतान के लिए विद्यालयों से उनकी पत्रावली मंगवाई जाएगी। इसके साथ ही वेतन पत्रावली में कौन से प्रपत्र लगेंगे उनका भी सर्कुलर में उल्लेख किया जायेगा। डीआईओएस ने एनपीएस के तहत आने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को हर माह ऑनलाइन स्टेटमेंट का मिलान कर त्रुटि दूर करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर प्रदेशीय मंत्री चौधरी दिनेश चंद्र राय, जिलाध्यक्ष अमित कुमार राय, मंडल मंत्री सौरभ कुमार पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण उपाध्याय, जिलामंत्री शैलेंद्र सिंह यादव, राजेश कुशवाहा एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज कुमार विश्वकर्मा उपस्थित रहे।




