
जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय नगर पालिका कार्यालय परिसर में सोमवार से अपनी विभिन्न मांगों के लेकर धरने पर बैठे मदनपुरा रोड निवासी वार्ड नं 20 के पूर्व सभासद संतोष वर्मा का धरना चौथे दिन गुरुवार की दोपहर एसडीएम के आश्वासन पर समाप्त हो गया। गौरतलब है कि पूर्व सभासद संतोष वर्मा नगर पालिका अध्यक्ष पर तानाशाही व मनमाने तरीके से कार्य किए जाने, अचल संपत्ति हस्तांतरण के नाम पर नगर पालिका द्वारा दो प्रतिशत शुल्क वसूले जाने, स्टेशन बाजार के सब्जीमंडी में नियम विरुद्ध सड़क निर्माण कराने, नगर की गलियों में साफ सफाई व प्रकाश की व्यवस्था को लेकर धरने पर बैठे थे। इसकी जानकारी होने पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बृजेंद्र राय नगर पालिका कार्यालय में धरनास्थल पर पहुंचे और पूर्व सभासद से जानकारी ली। इसके बाद बाद उन्होंने एसडीएम ज्योति चौरसिया से वार्ता किया। धरनास्थल पर पहुंची एसडीएम ने बताया कि उपरोक्त मांगो के विषय में उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर अवगत करा दिया गया है।




