
गाजीपुर। भारत स्काउट एवं गाइड के 31वें प्रादेशिक रोवर्स एवं रेंजर्स समागम का आयोजन प्रोफेसर राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) राज्य विश्वविद्यालय प्रयागराज में संपन्न हुआ। इस समागम में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर की चैंपियन टीम के रूप में पीजी कालेज के रोवर्स एवं रेंजर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार पुनः प्रदेश विजेता का खिताब अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ ही पीजी कालेज की टीम को स्टेट चैंपियन घोषित किया गया। विजेता टीम के महाविद्यालय आगमन पर स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। रोवर्स दल ने सेकंड स्टोरी परेड, मार्च पास्ट झांकी में प्रथम स्थान, कलर पार्टी, प्राथमिक चिकित्सा रोल प्ले में द्वितीय स्थान, और वर्दी में तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, रेंजर्स टीम ने रोल प्ले व्याख्यान, टेंट पिचिंग, और वर्दी में प्रथम स्थान, प्राथमिक चिकित्सा नाटक और ध्वज शिष्टाचार में द्वितीय स्थान हासिल किया। रोवर्स और रेंजर्स टीम को दोनों श्रेणी में पीजी कालेज की टीम प्रथम घोषित किया गया। पीजी कालेज के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि पीजी कालेज की रोवर्स एवं रेंजर्स ने एक बार फिर प्रदेश विजेता बनकर हम सभी का गौरव बढ़ाया है। विजेता होने पर महाविद्यालय परिवार की ओर से दोनों टीमों को बधाई एवं शुभकामनाएं। यह समागम युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, और सामाजिक जिम्मेदारी के भाव को विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। इस मौके पर प्राचार्य ने विजेता स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। छात्रों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं और उत्साह के साथ टीम का अभिनंदन किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक अजीत कुमार सिंह ने भी हर्ष व्यक्त किया।




