जिस तरह इंदिरा सरकार का अंत हुआ, उसी तरह भाजपा का भी अंत होगाः आशुतोष

 जिस तरह इंदिरा सरकार का अंत हुआ, उसी तरह भाजपा का भी अंत होगाः आशुतोष

गाजीपुर। सोमवार की देर शाम समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा ने मुख्यमंत्री योगी  को सैदपुर आगमन पर काला झंडा दिखाने के आरोप में जेल में बंद पार्टी कार्यकर्ता मोहित यादव और उनके साथियों से जेल में मुलाकात कर उनका हालचाल लिया।  इस सम्बन्ध में उन्होंने जिलाधिकारी से भी मुलाकात की और कार्यकर्ताओं पर संगीन धाराएं लगाये जाने पर एतराज़ जताया। उन्होंने कहा कि काला झंडा दिखाना कोई अपराध नहीं। अपना विरोध दर्ज कराने का यह एक लोकतांत्रिक तरीका रहा है। लेकिन भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर बदले की भावना से कार्यवाही कर रही है। भाजपा सरकार का यह दमनात्मक रवैया ठीक नहीं है। भाजपा सरकार को यह गलतफहमी हो गई है कि वह हमेशा सत्ता में रहेंगे। लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराने का अधिकार सभी को है। भाजपा सरकार अपना विरोध सहन नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार तानाशाही के रास्ते पर चल रही है। जिस तरह से इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाकर विपक्षी दलों के नेताओं को जेलों में ठूंसने का काम किया था ठीक इंदिरा जी के ही‌ नक्शेकदम पर चल रही है भाजपा सरकार। जिस तरह से इंदिरा सरकार का अंत हुआ था ठीक उसी तरह भाजपा सरकार का भी अंत निश्चित है।भाजपा लोकतांत्रिक प्रणाली के खिलाफ साजिश रच रही है। इसके राज में लोकतंत्र कमजोर हुआ है। यह सरकार समाजवादी पार्टी की लोकप्रियता से घबड़ाई हुई है। जनता ने भाजपा सरकार की बिदाई का दिन तय कर दिया है।  उन्होंने कहा कि तानाशाह की उम्र कम होती है। उन्होंने कहा कि जब जब देश में किसी तानाशाह ने सर उठाया है समाजवादियों ने अपने संघर्ष से उनके फन को कुचलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जेल में बंद कार्यकर्ताओं की हर स्तर पर मदद की जाएगी और सरकार बनने पर उन पर दर्ज मुकदमे वापस होंगे। इस दौरान वह अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के पूर्व जिलाध्यक्ष लाल जी लाल श्रीवास्तव के त्रयोदशाह कार्यक्रम में भी शामिल हुए। नौकापुरा मुहल्ले स्थित उनके घर पहुंचकर परिजनों से मिलकर मातमपुर्सी की। वह नगर पालिका के डिप्टी चेयरमैन और पार्टी के कार्यकर्ता छन्नू यादव के नवाबगंज स्थित आवास पर जाकर उनकी माता के निधन पर भी शोक संवेदना व्यक्त किया। इस दौरान उनके साथ मुख्य रूप से जिला मीडिया प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव, प्रतिनिधि पप्पू लाल श्रीवास्तव, अतुल श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव, मनोज श्रीवास्तव, आत्मा यादव, अजय सेन एवं नन्हें सहित आदि उपस्थित थे।

You cannot copy content of this page