प्रशासन चाहे जितना भी प्रयास कर लें, होगा कार्यक्रमःसत्या यादव

 प्रशासन चाहे जितना भी प्रयास कर लें, होगा कार्यक्रमःसत्या यादव

—कोविड का हवाला देकर विपक्षियों की आवाज दबाने का काम कर रही सरकार

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी ने फूलन देवी के पुण्यतिथि को वीरता व शहादत दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में 25 जुलाई को पूर्व जिला पंचायत सदस्य व सपा के युवा नेता सत्या यादव तलवल मोड़ पर स्थित फूलन देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रेसवार्ता में श्री सत्या ने कहा कि कार्यक्रम को फ्लाप करने के लिए पुलिस प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल को पुलिस छावनी में तब्दील करने के साथ सामान लेकर पहुंचे दो वाहनों को भी कब्जे में ले लिया है। प्रशासन की तानाशाही से सपाई डरने वाले नहीं है। वह चाहे जितना भी प्रयास कर लें। उन्होनें बताया कि भाजपाई कोई कार्यक्रम करते है तो उनके उपर कोविड की गाइड लाईन का कोई असर नहीं पड़ता है जबकि सपा के हर कार्यक्रम करने जाती है तो उसे कोविड का पालन करने का हवाला दिया जाता है। इससे यह स्पष्ट है कि सरकार विपक्षियों की आवाज दबाने का कार्य कर रहीं है। उन्होंने कहा कि सपा के हर तरह से आंदोलन को सरकार के इशारे पर प्रशासन दबाने का काम कर रहा है। जिला पंचायत चुनाव में भी प्रशासन ने तानाशाही का परिचय देते हुए लोकतंत्र को कलंकित करने का काम किया। उन्होंने कहा कि इस सरकार में अपराध की आंधी चल रही है। एक तरफ सरकार द्वारा महिलाओं के सम्मान में तरह-तरह की योजनाएं चलाई जा रही है, वहीं दूसरी तरफ से आएदिन महिलाओं के साथ छेड़खानी व बलात्कार की घटनाएं हो रही है। कहा कि मैं सरकार को चेतावनी देता हूं कि महिलाओं का अपमान बंद करें, यदि ऐसा नहीं हुआ तो कोई पीड़ित महिला फूलन देवी बनने को विवश हो सकती है। इस सरकार में पिछड़ों-दलितों का जो अपमान हो रहा है, उसका बदला वह 2022 के चुनाव में लेंगें। उन्होंने कहा कि तवलव मोड़ पर स्थित फूलन देवी की प्रतिमा के पास आयोजित कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन बांधा बन रही है, लेकिन सपाई पीछे हटने वाले नहीं है। कार्यक्रम में सपाइयों की फौज मौजूद रहेगी श्री सत्या ने बताया कि दिन में 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग राजपाल कश्यप शामिल होंगे और फूलन देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद सभा को सम्बोधित करेंगे।

You cannot copy content of this page