संविदा कर्मी से नकदी और मोबाइल की लूट
गाजीपुर। जंगीपुर थाना क्षेत्र के पहेतिया पुल के पास शुक्रवार की रात अज्ञात बदमाशों ने विद्युत विभाग के संविदा कर्मी पर हमला नकदी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। घायल कर्मी का उपचार जिला अस्पताल में कराया गया। तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई।
घटना के संबंध में बताया गया है कि बिजली विभाग में संविदा कर्मी सरौली निवासी अशोक कुमार रोज की तरह विभागीय कार्य समाप्त होने के बाद मोपेड से अपने घर लौट रहा था। इस दौरान रात करीब नौ बजे बुजुर्गा पहेतिया पुल के पास झाड़ी में छिपे बदमाशों ने उसे रोक लिया। जब तक वह कुछ समझ पाता, उस पर हमला कर दिया। मारपीट कर उसका मोबाइल आठ हजार नकदी लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से घटना के संबंध में जानकारी ली। जानकारी होने पर अंधऊ विधुत उपकेंद्र के जेई प्रमोद यादव भी मौके पर पहुंच गए। घायल कर्मी का उपचार जिला अस्पताल में कराया गया। तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस तलाश में जुट गई। अंधऊ विधुत उपकेंद्र के जेई प्रमोद यादव जल्द से जल्द बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की।