नशे में धुत युवक ने फावड़ा से वार कर महिलाओं को घायल किया

 नशे में धुत युवक ने फावड़ा से वार कर महिलाओं को घायल किया

दुल्लहपुर (गाजीपुर)। क्षेत्र के जमसड़ा गांव में रविवार की रात नशे में धुत युवक ने बिना किसी बात के फावड़े से हमला कर पड़ोस की दो महिलाओं को घायल कर दिया। उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल लाया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के संबंध में बताया गया है कि दुल्लहपुर क्षेत्र के जमसड़ा गांव निवासी विकास चौहान के सिर रविवार की शाम से अंगूर की बेटी चढ़ी हुई थी। नशे में धुत होकर रात में उसने अपने घर के सामने बैठी तारा देवी (65) तथा सतिया देवी (60) पर बिना किसी बात के फावड़े से हमला कर दिया। हमला होते ही महिलाएं शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर युवक को हटाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। घायल महिलाओं को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखनिया लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। पीड़िता तारा देवी की तहरीर पर हमलावर विकास को गिरफ्तार कर लिया गया है। हमलावर युवक महिलाओं का भतीजा है।

You cannot copy content of this page