
गाजीपुर। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर मंगलवार को जिलाध्यक्ष सुनील राम के नेतृत्व में “चढ़ावा चोरों से मुक्ति” के लिए सद्बुद्धि पदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा सरजू पांडे पार्क से शुरु होकर सिकंदरपुर स्थित शिव मंदिर तक पहुंची, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर देश और प्रदेश के शासकों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिस सरकार ने वर्षों तक भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति कर सत्ता हासिल की, आज उसी सरकार के कार्यकाल में श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आना करोड़ों रामभक्तों की आस्था पर गंभीर आघात है। यदि सरकार वास्तव में पारदर्शिता और ईमानदारी का दावा करती है तो उसे पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराकर दोषियों को कानून के कठघरे में खड़ा करना चाहिए। जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि श्रीराम मंदिर देश के करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे पवित्र स्थल पर चढ़ावे में अनियमितताओं के आरोप अत्यंत गंभीर हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की जांच उच्च न्यायालय के सिटिंग जज की निगरानी में कराई जाए। साथ ही वर्तमान ट्रस्ट को तत्काल भंग कर चारों पीठों के शंकराचार्यों एवं श्रीराम मंदिर के महंतों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी जाए, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास पुनः स्थापित हो सके।पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे एवं पूर्व विधायक पशुपति राय ने संयुक्त रूप से कहा कि धार्मिक आस्था के नाम पर भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। कांग्रेस पार्टी आस्था का सम्मान करते हुए जवाबदेही और पारदर्शिता की पक्षधर है तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग करती है। पदयात्रा में एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ,शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, बटुक नारायण मिश्रा, जनक कुशवाहा, अजय श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह, चंद्रिका सिंह, राजीव सिंह, हामिद अली, विद्याधर पांडेय, राजेश गुप्ता, राम नगीना पांडेय, उषा चतुर्वेदी, आशुतोष गुप्ता, आलोक यादव, राशिद सदानंद गुप्ता, ज्ञान प्रकाश सिंह, रइस अहमद, कमलेश्वर प्रसाद, राघवेंद्र चतुर्वेदी, ओम प्रकाश पासवान, मोहन चौहान, अखिलेश यादव आदि उपस्थित रहे।




