
जमानियां (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के देवरिया गांव में घनी आबादी के बीच शराब की दुकान खोलने के विरोध में सोमवार की सुबह 10 बजे ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। दुकान खोलने का विरोध करते हुए आक्रोशित ग्रामीणों और महिलाओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग 24 जाम कर दिया।जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पाकर कोतवाल रामसजन नागर व देवरिया चौकी प्रभारी पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को शराब की दुकान न खुलने का आश्वाशन दिया तब जाकर जाम खत्म हुआ और वाहनों का आवागमन शुरू हुआ।ग्रामीणों का कहना है कि गांव के पूरब तरफ घनी आबादी और रिहायशी इलाके में रविवार की रात देशी शराब की दुकान खोलने के लिए लोहे की बड़ी गुमटी रख दी गयी। सुबह ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई तो वह आक्रोशित हो गए और एनएच 24 जाम कर दिए।उनका कहना था कि शराब की दुकान खुलने से क्षेत्र का माहौल खराब होगा। इससे आए दिन शराबियों का हुड़दंग बढ़ेगा। जिससे महिलाओं, बच्चियों और राहगीरों का रास्ते से गुजरना दूभर हो जाएगा।सड़क जाम की खबर मिलते ही कोतवाल व देवरिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और दुकान न खोलने का आश्वाशन दिया तब जाम खत्म हुआ।इस बारे में देवरिया चौकी प्रभारी बृजेश्वर यादव ने बताया कि घनी आबादी के बीच शराब की दुकान खोलने को लेकर ग्रामीण आक्रोशित थे।लेकिन मौके को देखा गया।आबकारी विभाग के भी अधिकारी पहुंचे थे।आबादी में दुकान नहीं खुलने का आश्वाशन ग्रामीणों को दिया गया।




