घायल दारोगा को स्वाभिमान संगठन के सदस्यों ने भेजवाया अस्पताल
गाजीपुर। स्वाभिमान संगठन ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की। बीती रात गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर फोरलेन पर औड़िहार के पास सड़क दुर्घटना में घायल दारोगा को अस्पताल भेजवाया।
मालूम हो कि स्वाभिमान संगठन के अध्यक्ष डा. देवेश सिंह बुधवार की रात कार से संगठन के सदस्य सपन दुबे और उनकी माता वृंदा दुबे के साथ गाजीपुर से वाराणसी जा रहे थे। जैसे ही औड़िहार से कुछ दूर आगे बढ़े, देखा कि बीच हाइवे पर एक बुलेट पड़ी हुई थी। इस पर तत्काल उन्होंने वाहन रोका और सपन दुबे के साथ नीचे उतरे। नजदीक पहुंचे तो देखा कि वर्दी में घायलावस्था में एक दारोगा औंधे मुंह पड़ा था। जिनके नेम प्लेट पर आरबी सिंह लिखा हुआ था। तत्काल दारोगा से सड़क से उठाकर किनारे लेटाया और घटना की सूचना सैदपुर कोतवाली के साथ ही 108 एम्बुलेंस को दी। एम्बुलेंस आने में देर होने पर डा. सिंह अपनी कार से घायल दारोगा को लेकर सैदपुर अस्पताल के लिए चल दिए। इसी दौरान औड़िहार के पास एम्बुलेंस आती दिखी तो उसे रोका और घायल को एम्बुलेंस में लिटाया। इसके बाद सैदपुर सीएचसी लाया गया। कोतवाली के दो कांस्टेबल भी वहां पहुंच गए। पूछताछ में पता चला कि घायल दारोगा जिले के बिरनो का निवासी है। जो संभवतः देवरिया जिले में तैनात है। वर्तमान में इनका परिवार सारनाथ के लेढ़ूपुर में रहता है।