चाचा को मौत की नींद सुलाने वाले भतीजे गिरफ्तार
खानपुर (गाजीपुर)। खानपुर क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में मकान बनाने और पानी निकासी के विवाद के मामले में लाठी-डंडा से मारपीट कर हुई चाचा की हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार की रात तीन आरोपित सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि चौथे हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
मालूम हो कि खानपुर क्षेत्र के हरिहरपुर के रमगढ़वा बस्ती निवासी वृद्ध कथरु यादव (70) की उनके बड़े भाई के पुत्रों से मकान बनाने और पानी निकासी का विवाद चल रहा था। इसी रंजिश को लेकर बीते गुरुवार की सुबह खेत से पशुओं के लिए चारा काटकर लौटते के दौरान भतीजों ने लाठी-डंडा से मारपीट शुरु कर दिया था। इस मारपीट में आधा दर्जन लोग घायल हो गए थे। सर में गंभीर चोट लगने से कथरु की मौत हो गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह के साथ एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी मौके पर पहुंच गए थे। एसपी ने शीघ्र हत्यारोपियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया था। मृतक के पुत्र वीरेंद्र यादव की तहरीर पर 3 नामजद और 2 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस तलाश में जुट गई थी। इसी क्रम में सीओ सैदपुर बलिराम और खानपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ शुक्रवार की रात करीब 10 बजे गाजीपुर-वाराणसी हाइवे पर शादी-भादी गांव के पास तीन हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसओ ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में जयराम यादव, बृजेश यादव व राजेश यादव शामिल है। अभियुक्तों का चालान कर जेल भेज दिया गया। चौथे आरोपी राहुल की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रामराजन यादव, उपनिरीक्षक सुनील कुमार तिवारी, हेड कांस्टेबल राणा प्रताप राय, कांस्टेबल राजेश कुमार, कांस्टेबल शुभम, कांस्टेबल रिंकू कुमार और कांस्टेबल जुनैद अहमद शामिल थे।