
गाजीपुर। कृषि विभाग ने कृषि विज्ञान केन्द्र से जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव एवं रोड-शो को नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उन्होने श्री अन्न के उत्पादन पर जोर दिया। बताया कि श्री अन्न में आवश्यक खनिज व पोषक तत्व मौजूद होते है, जो कुपोषण को दूर करता है। इसकी खेती बिना रासायनिक उर्वरक के भी सुगमता पूर्वक की जाती है। सरिता अग्रवाल ने बताया कि विश्व में मिलेट्स ईयर मनाया जा रहा है। मिलेट्स का मुख्य उत्पादक देश भारत है। प्रधानमंत्री का सपना है, कि इस महत्वपूर्ण अनाज का प्रचार-प्रसार पूरे विश्व में किया जाए। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य श्री अन्न का उत्पादन बढाना तथा भोज्य पदार्थों में शामिल करना है। मोटे अनाज सेहत के लिए बेहद उपयोगी है। फाईबर व खनिज प्रचुर मात्रा में पाये जाते है। उक्त रोड-शो में बाल विकास परियोजना की महिलाएँ, पी०जी० कालेज की छात्राएँ एवं सुसुण्डी कृषक फार्मर प्रोड्यूसर कम्पनी से बडी संख्या में महिलाओ ने प्रतिभाग किया। उप कृषि निदेशक ने बताया कि जनपद में रासायनिक उर्वरको का प्रयोग मानक से अधिक हो रहा है, जिसका दुष्प्रभाव मृदा एवं मानव स्वास्थ्य पर पड रहा है। जिसको कम कर जैविक खेती अपनाने पर जोर दिया जाय। रोड-शो कृषि विज्ञान केन्द्र से कचहरी, विशेश्वरगंज, रौजा, मिदनापुर, सैनिक चौराहा, हेतिमपुर, पीजी कालेज होते हुये विकास भवन पर समाप्त हुआ।




